राज्योत्सव में वायुसेना का प्रदर्शन, नवा रायपुर में कहां होगा एयर शो?

1

स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने रायपुर के आसमान में उड़ान भरी। हेलीकॉप्टरों को देखने के लिए लोग घरों, कार्यालयों और अन्य भवनों की छतों पर पहुंचे। अब 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का एयर शो होगा। इसका आयोजन सुबह 11 बजे से किया जाएगा।

ad

हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनकर शहरवासियों में उत्साह देखने को मिला। आसमान में हेलीकॉप्टर दिखाई देते ही लोगों ने उनकी ओर देखना शुरू कर दिया। कई लोगों ने मोबाइल कैमरों से इस नजारे को रिकॉर्ड किया। स्कूली बच्चों और युवाओं में भी खास उत्साह रहा।

youtube

अधिकारियों ने भी देखा सारंग टीम का प्रदर्शन

कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान देखी। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन और एसडीएम नभ सिंह कोसले भी मौजूद रहे।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथ हिलाकर भारतीय वायुसेना के पायलटों का अभिवादन किया। राजधानी के दूसरे इलाकों में भी लोगों ने छतों से हेलीकॉप्टरों को देखकर उनका स्वागत किया।

कलेक्टर बोले- युवाओं को सेना में जाने की प्रेरणा मिलेगी

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की उड़ान रायपुरवासियों के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना के पायलटों का साहस, अनुशासन और उड़ान कौशल देश की सामरिक क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रतीक है।

कलेक्टर के मुताबिक, ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करते हैं। साथ ही उन्हें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं।

2 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगा एयर शो

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें भारतीय वायुसेना के स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के जरिए हवाई करतब, साहसिक उड़ान और बेहतर समन्वय का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्रदेशवासियों, खासकर बच्चों और युवाओं को भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता से परिचित कराना है।