स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थे। उनका इलाज हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा था, जहां 78 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित दुर्ग-भिलाई और पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
लंबा रहा राजनीतिक और शैक्षणिक सफर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी लंबी सेवाएं दी थीं। वे वर्ष 1998 में व्याख्याता (लेक्चरर) के पद से रिटायर हुए थे, जिसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 1999 में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। उनके निधन से पार्टी को एक अनुभवी नेता की क्षति हुई है।


