परीक्षा देने आए युवक की हत्या का मामला: एएसपी ने बताया पीजी में क्या हुआ था उस दोपहर

Images (7)

स्वतंत्र बोल
दुर्ग 6 अक्टूबर 2026:
दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर मामूली विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना हरिनगर स्थित एक PG में हुई, जो हैरिटेज स्कूल के पीछे है। मृतक चित्रेश सहारे परीक्षा देने के लिए दुर्ग आया हुआ था। पुलिस ने मामले में वैभव मानकर और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।

ad

घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, चित्रेश अपने दोस्त रवि के PG रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान PG में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, महिला मित्र से कथित तौर पर मिसबिहेव किए जाने की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया। इसके बाद मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।

youtube

चाकू के वार से गंभीर हुआ युवक

आरोप है कि विवाद के दौरान वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार पैर और जांघ में लगे। चित्रेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दो आरोपी हिरासत में

पुलिस ने वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है। चित्रेश का शव जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है। बेटे की मौत की खबर के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।