स्वतंत्र बोल
रायपुर| 09.अगस्त.2026 विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर रायपुर में रैली निकाली। सर्व आदिवासी समाज के समर्थन में निकली यह रैली बलबीर सिंह जुनेजा ऑडिटोरियम से शुरू होकर जयस्तंभ चौक तक पहुंची।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षक भर्ती के 1316 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई। सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों का दावा है कि इन पदों में 800 से अधिक पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पात्र डीएड अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थियों को राहत देने की मांग की।
सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासी युवाओं को अपने अधिकार और रोजगार के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, यह चिंता की बात है। प्रदर्शनकारियों ने न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए सरकार से मामले में जल्द निर्णय लेने की मांग की।
अभ्यर्थियों और सर्व आदिवासी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं की गई, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।


