स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार किया है। जशपुर से रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर कांग्रेस की इच्छाशक्ति पर भी सवाल उठाए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उद्योगपतियों को लेकर लगाए गए आरोपों को गलत बताया।
राहुल गांधी पर CM साय का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य की बात है कि प्रदेश को प्रधानमंत्री का सहयोग मिला। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर निशाना साधते हुए साय ने कहा कि वे इस मुद्दे पर किसी तरह की टिप्पणी कर रहे हैं तो यह बकवास और बेकार का प्रलाप है। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की कांग्रेस में कभी इच्छाशक्ति नहीं रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से नक्सलवाद समाप्त हुआ है। जनता भी नक्सलवाद से मुक्ति चाहती थी, क्योंकि यह विकास के रास्ते में सबसे बड़ा बाधक था। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद समाप्त करने में सफलता मिली है।
भूपेश बघेल के आरोपों को बताया गलत
छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों के हाथों में जाने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोप पर भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। साय ने कहा कि उनका आरोप पूरी तरह गलत है। ऐसा कुछ भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से हर क्षेत्र में विकास कर रहा है और प्रदेश लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ आएंगे नितिन नबीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम धरमजयगढ़ में आयोजित होगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए वे छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं।


