एनआईटी रायपुर में लॉन्च किए गए 7 नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस देश के किन बड़े क्षेत्रों में लाएंगे बदलाव?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 3 नवबंर 2026:
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर का 17वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्थान के 1,364 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 51 पदकों से सम्मानित किया गया।

ad

दीक्षांत समारोह के दौरान विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने संस्थान में सात अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। ये केंद्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष अनुसंधान, एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य तथा सतत ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में उच्चस्तरीय अनुसंधान को बढ़ावा देंगे।

youtube

समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) की सचिव डॉ. एन. कलैसेल्वी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अध्यक्षता एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने की।

विकसित भारत के निर्माण में युवा आगे आएं: केंद्रीय मंत्री रेड्डी

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा चुनौतियों को बाधा के बजाय अवसर के रूप में स्वीकार करें। देश को ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला और खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए समाधान और तकनीक विकसित करना समय की मांग है।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी शिक्षा देना है। उन्होंने सिलिकॉन वैली में भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों की उल्लेखनीय भागीदारी का उदाहरण देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से मिलेगा बढ़ावा

एनआईटी रायपुर में शुरू किए गए सात अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में निम्नलिखित केंद्र शामिल हैं:

  • इंडिया एआई छत्तीसगढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

  • सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन क्रिटिकल मिनरल्स

  • सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स

  • सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE)

  • मैराल सेंटर फॉर इनोवेशन इन रूरल एंड ट्राइबल हेल्थ

  • सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एयरोस्पेस एंड ऑटोनॉमस टेक्नोलॉजीज

  • सेंटर फॉर नैनोसाइंस एंड सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज

इन केंद्रों की स्थापना से वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षेत्रों में अंतर्विषयक अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा।

1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां और 51 पदक

समारोह में कुल 1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां दी गईं, जिनमें स्नातक के 976, स्नातकोत्तर के 283 और पीएचडी के 105 विद्यार्थी शामिल हैं। मेधावियों को कुल 51 पदक (25 स्वर्ण, 25 रजत और 1 संस्थान स्वर्ण पदक) प्रदान किए गए। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा सुश्री आत्मिका गांगेली को ओवरऑल टॉपर के सम्मान से नवाजा गया।

शानदार प्लेसमेंट और रैंकिंग

एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमण राव ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्थान को वर्ष 2026 के बैच के लिए कुल 821 प्लेसमेंट ऑफर मिले हैं, जिसमें सर्वोच्च वार्षिक पैकेज 60 लाख रुपये रहा है। संस्थान ने टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में 1201 से 1400 के समूह में स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा संस्थान के 18 संकाय सदस्यों और 4 विद्यार्थियों को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में जगह मिली है।