स्वतंत्र बोल
रायपुर 2 नवंबर 2026: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आएंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान वे एक निजी अस्पताल और विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद नया रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गृह मंत्रालय ने उनके प्रवास का संशोधित आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दोपहर 2:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका पहला कार्यक्रम पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल में होगा।
अस्पताल और विकसित भारत संकल्प पार्क का करेंगे लोकार्पण
अमित शाह दोपहर 3 बजे मंडी रोड, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 4:50 बजे नया रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 पहुंचेंगे। यहां वे ‘पीपल वन’ स्थित विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे।
शाम 6 बजे राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
दोनों लोकार्पण कार्यक्रमों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का समापन समारोह आयोजित होगा। अमित शाह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह समाप्त होने के बाद अमित शाह रात 8:20 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस तरह उनका रायपुर प्रवास करीब साढ़े पांच घंटे का रहेगा।


