मरकाटोला घाटी पर मचा कोहराम: खड़े वाहन से टकराकर पलटा ट्रक, जानिए कैसे 6 युवकों के लिए काल बनी तेज रफ्तार

Image

स्वतंत्र बोल
बालोद 25 सितम्बर 2026: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। शुक्रवार को मरकाटोला घाटी पर डीजे से बंधी स्वराज माजदा को धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर 2 लोगों की मौत हुई थी, जबकि धमतरी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 4 घायलों ने दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

ad

खड़े पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 10BU 7174 मरकाटोला घाटी में खड़ा था। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान लदे ट्रक क्रमांक CG 04 QY 5947 ने उसे टक्कर मार दी।

youtube

बताया गया कि पिकअप में 13 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक भी हादसे में घायल हुआ है।

ट्रक भी पलटा, नीचे दबा था एक व्यक्ति

टक्कर के बाद ट्रक कुछ दूर जाकर पलट गया। ट्रक के नीचे एक व्यक्ति दब गया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और शव को मर्चुरी भेजा।

हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है।

पुरुर से धमतरी जिला अस्पताल लाए गए घायल

घायलों को पुरुर से सबसे नजदीक और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान चार और लोगों की मौत हो गई।

बालोद डीएसपी माया शर्मा ने बताया कि पुरुर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी में धान से लदे ट्रक ने पिकअप वाहन को टक्कर मारी। हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। 7 घायलों की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर किया जा रहा है।

शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा

पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सभी मृतक कवर्धा और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों के नाम

  1. कोमल साहू (20) — पिता भगवानी साहू, ग्राम सिलहाटी, पोड़ी के पास, थाना बोड़ला, जिला कवर्धा।
  2. अनीश पात्रे (22) — पिता विजय पात्रे, ग्राम मानिकपुर, पोड़ी के पास, थाना बोड़ला, जिला कवर्धा।
  3. दीपक कुम्हार (17) — पिता स्व. महेश कुम्हार, वार्ड नंबर 17, कुम्हार पारा, मुंगेली जिला।
  4. राजा सावरा (27) — पिता इंदल सावरा, मिनीमाता चौक, वार्ड 17, कबीरधाम जिला कवर्धा।
  5. कृष्णा चौहान (18) — पिता संजय चौहान, वर्तमान पता ग्राम पोड़ी, जिला कवर्धा। मूल ग्राम डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव।
  6. सुंदर लाल साहू (29) — पिता गोकुल साहू, ग्राम कुसुमघटा, थाना बोड़ला, जिला कवर्धा।