स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 सितम्बर 2026 :मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपए की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर’ में भी शामिल हुए।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास की गति तेज करने और जनसेवा की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का है। उन्होंने कहा कि गांवों में बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं और माताओं-बच्चों के लिए पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराने पर सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे, इसके लिए सरकार संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य बताया
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सिर्फ एक अभियान नहीं है। यह जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनकल्याण की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
ई-ऑफिस और हेल्पलाइन का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने सुशासन को लेकर कहा कि नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। शासन की योजनाओं का लाभ भी उन्हें आसानी से मिले।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहलों के जरिए शासन को नागरिकों के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।
PM जनमन और आवास योजना का उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र परिवार केवल जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में किसी योजना के लाभ से वंचित न रहें।
स्वस्थ माता और सुपोषित बच्चे पर जोर
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके संपूर्ण विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए उनके पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और प्रारंभिक देखभाल पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।


