रात में अचानक गायब हुए दोनों… सुबह उसी खेत में पेड़ से लटकती मिली लाशें, प्यार का खौफनाक अंत

स्वतंत्र बोल
धमतरी 01 अप्रैल 2026. एक रात की खामोशी ने सुबह ऐसा खौफनाक मंजर दिखाया, जिसे देखकर पूरे गांव की रूह कांप उठी। घर से अचानक लापता हुए युवक और नाबालिग लड़की की तलाश में जुटे परिजनों को क्या पता था कि अगली सुबह उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक सच सामने आएगा।

ad

मामला सिहावा थाना क्षेत्र का है, जहां महुआबहार गांव के बाहर एक खेत में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने आम के पेड़ से लटकती दो लाशें देखीं। यह दृश्य इतना भयावह था कि देखते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

youtube

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारा। जांच में युवती की पहचान महुआबहार गांव की 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई, जो दसवीं कक्षा की छात्रा थी। वहीं युवक की पहचान गेंदाभर्री गांव निवासी 20 वर्षीय मानेस मरकाम के रूप में की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। मंगलवार शाम से ही दोनों अपने-अपने घरों से लापता थे, जिसके बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। लेकिन तलाश का अंत एक दर्दनाक सच्चाई के साथ हुआ, जब दोनों की लाशें फांसी के फंदे पर झूलती मिलीं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस आम के पेड़ पर दोनों ने अपनी जान दी, वह खेत नाबालिग लड़की के पिता का ही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और माहौल गम और दहशत से भरा हुआ है।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर किन हालातों ने दो जिंदगियों को इस खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया।