स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार 25 मई 2026:बलौदाबाजार जिले के बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया है। एक खूंखार दंतैल हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है, जबकि वन विभाग ने कई गांवों में हाईअलर्ट जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम दोंद निवासी जहरु राम नेताम (करीब 55 वर्ष) रविवार रात खेत-खलिहान की ओर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक दंतैल हाथी से उनका सामना हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने देखते ही हमला कर दिया और ग्रामीण को बुरी तरह कुचल डाला। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की गई। मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है, जबकि शासन की ओर से आगे और मुआवजा दिया जाएगा।
वन विभाग के अनुसार यह दंतैल हाथी पिछले कई दिनों से मुरुमडीह इलाके के आसपास घूम रहा था। हाथी लगातार खेतों और गांवों की तरफ बढ़ रहा था, जिससे ग्रामीणों में पहले से डर बना हुआ था।
रविवार को जब हाथी दोंद गांव की तरफ पहुंचा तो वन विभाग, हाथी मित्र दल और ग्रामीणों ने मिलकर उसे आबादी से दूर भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया, लेकिन घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
हमले के बाद हाथी पहाड़ी इलाके की ओर बढ़ गया है, जिसकी वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार और हरदी समेत कई गांवों में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है।
वन विभाग लगातार मुनादी और अलर्ट सिस्टम के जरिए लोगों को हाथी की गतिविधियों की जानकारी दे रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखने पर उसके पास जाने या उसे उकसाने की कोशिश बिल्कुल न करें।
वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि लोग सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना दें। साथ ही अकेले जंगल या हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की भी सलाह दी गई है।
दंतैल हाथी के इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और ग्रामीण अब रात होते ही घरों से निकलने से डर रहे हैं।


