सब्जी के कैरेट के नीचे छिपा था ‘65 लाख का जहर’! पुलिस ने रोकी गाड़ी तो खुल गया गांजा तस्करी का बड़ा राज

स्वतंत्र बोल
गरियाबंद 25 मई 2026: गरियाबंद में गांजा तस्करों की चालाकी उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब देवभोग पुलिस ने सब्जियों से भरी दिख रही एक गाड़ी से करोड़ों के नशे का खेल पकड़ लिया। ऊपर से कैरेट में सब्जियां और नीचे छिपे थे गांजे के पैकेट। पुलिस की सख्त चेकिंग ने तस्करों की पूरी प्लानिंग पर पानी फेर दिया।

ad

मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से एक संदिग्ध वाहन भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर उत्तर प्रदेश की ओर निकलने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर वाहनों की कड़ी जांच शुरू कर दी।

youtube

इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। पहली नजर में गाड़ी पूरी तरह सब्जियों से भरी दिखाई दे रही थी। ऊपर कैरेट में सब्जियां रखी थीं ताकि किसी को शक न हो। लेकिन जब पुलिस ने गाड़ी की गहराई से तलाशी ली तो कैरेटों के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट देखकर सभी हैरान रह गए।

पुलिस ने वाहन से करीब 130 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से आरोपी राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया गया, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला है।

पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई जा रही थी और इसे उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है कि आखिर माल किसने भेजा और यूपी में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यह साफ कर दिया है कि तस्कर अब नए-नए तरीके अपनाकर नशे की खेप पार कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन गरियाबंद पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर उनके मंसूबों पर ब्रेक लगा दिया।