तिलक, मिठाई और न्योता भोज से हुआ बच्चों का स्वागत… स्कूल के पहले दिन दिखा ऐसा नज़ारा जिसने जीत लिया सबका दिल

स्वतंत्र बोल
रायपुर 01 जुलाई 2026:
छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ हुई। बिलासपुर के सेजेस लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कर और आत्मीय स्वागत कर नए शैक्षणिक वर्ष का शुभारंभ किया। दोनों नेताओं ने बच्चों के साथ न्योता भोज में बैठकर भोजन भी किया।

ad

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने माता-पिता, गुरुजनों, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का संदेश दिया। इस अवसर पर सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलों का भी वितरण किया गया।

youtube

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में उसकी पहली पाठशाला की यादें हमेशा विशेष होती हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर वातावरण और अच्छे संस्कार उपलब्ध कराना समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन के साथ अध्ययन कर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आज विद्यालयों में भवन, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता और सम्मान पाने का सबसे बड़ा आधार कठिन परिश्रम और शिक्षा है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालयों का सामाजिक ऑडिट होना चाहिए, ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल शौचालयविहीन, जर्जर या अवैध कब्जे से प्रभावित नहीं होना चाहिए और विद्यालय का वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल होना चाहिए।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बिल्हा शासकीय स्कूल के शिक्षक कलेश्वर साहू को सम्मानित किया गया। उन्होंने दो लाख सीड-बॉल तैयार कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अतिथियों को सीड-बॉल भी भेंट किए। इसके अलावा निःशुल्क शैक्षणिक सहयोग देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।

शाला प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।