स्वतंत्र बोल
भिलाई 26 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप से 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। खास बात यह है कि इस रकम को छिपाने के लिए वाहन के पिछले हिस्से को मॉडिफाई कर एक विशेष गुप्त चेंबर बनाया गया था। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे रकम के स्रोत, स्वामित्व तथा परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ की जा रही है।
डबरापारा में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया वाहन
पुलिस के अनुसार, रायपुर से नागपुर की ओर एक सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (क्रमांक CG 04 QU 5996) के गुजरने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में रात करीब 11 बजे वाहन को रोककर जांच की गई। पुलिस को देखते ही वाहन के पिछले हिस्से के मॉडिफिकेशन और संदेहास्पद बनावट को देखकर शक हुआ, जिसके बाद गाड़ी की सघन तलाशी ली गई।
गुप्त चेंबर खोलने पर मिली चार करोड़ की नकदी
तलाशी के दौरान जब पिकअप के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर को खोला गया, तो उसके अंदर छिपाकर रखी गई 4 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। मौके पर मौजूद वाहन सवार व्यक्तियों की पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में की गई है।
आयकर विभाग को दी जा रही सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इस वित्तीय लेन-देन और रकम के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के लिए आयकर (Income Tax) विभाग को भी आधिकारिक रूप से सूचना भेज दी गई है। मामले में नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई जारी है।


