छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में बड़ा भूचाल! प्रदेश से बूथ स्तर तक पूरी कार्यकारिणी भंग, अचानक फैसले से मची हलचल

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 16 मई 2026: छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में शनिवार को बड़ा संगठनात्मक विस्फोट देखने को मिला। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की पूरी कार्यकारिणी को अचानक भंग कर दिया गया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इस फैसले ने संगठन के भीतर नई चर्चाओं और अटकलों को जन्म दे दिया है।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष Alka Lamba ने आदेश जारी करते हुए छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की वर्तमान प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर की सभी कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की है।

ad

अपने आदेश में अल्का लांबा ने कहा कि छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावशाली बनाने के लिए संगठनात्मक पुनर्गठन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी के तहत नई कार्यकारिणी के गठन से पहले मौजूदा ढांचे को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

youtube

सूत्रों के मुताबिक इस फैसले के बाद संगठन के भीतर कई नेताओं और पदाधिकारियों में बेचैनी बढ़ गई है। वहीं नई टीम में जगह पाने की दौड़ भी तेज होने लगी है। राजनीतिक हलकों में अब यह चर्चा जोरों पर है कि आगामी दिनों में महिला कांग्रेस में कई नए चेहरे सामने आ सकते हैं।

अल्का लांबा ने साफ किया है कि नई कार्यकारिणियों का गठन संगठन में सक्रियता, सदस्यता अभियान में योगदान, जनसंपर्क, संघर्षशील भूमिका और पार्टी के प्रति समर्पण के आधार पर किया जाएगा। यानी इस बार केवल पुराने पद या पहचान नहीं, बल्कि जमीनी सक्रियता भी अहम भूमिका निभाएगी।

इस बड़े फैसले के बाद प्रदेश महिला कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया तेज मानी जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर टिक गई है कि नई कार्यकारिणी में किन नेताओं को मौका मिलता है और कौन संगठन से बाहर हो जाता है।