स्वतंत्र बोल
रायपुर,14 मई 2026: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और ज्यादा पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने “नो योर गवर्नमेंट” शीर्षक से सरकारी ई-टेलीफोन डायरेक्टरी जारी की है, जिसमें मुख्यमंत्री से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों तक की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
211 पेज की इस डिजिटल डायरेक्टरी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और अनुभाग अधिकारियों तक के नाम, पद, कार्यालय पते और टेलीफोन नंबर शामिल किए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री और मंत्रियों के निजी स्थापना में पदस्थ अधिकारियों की जानकारी भी इसमें दी गई है।
सरकार की ओर से जारी यह डायरेक्टरी ई-फॉर्मेट में उपलब्ध कराई गई है, ताकि लोग आसानी से जरूरी संपर्क जानकारी हासिल कर सकें। इसे पीडीएफ और पीपीटी फाइल के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें सर्च ऑप्शन भी दिया गया है। यानी अब किसी अधिकारी का नाम या नंबर ढूंढने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अधिकारियों के तबादले या विभाग परिवर्तन होने की स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल जानकारी अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि डायरेक्टरी हमेशा अपडेटेड रहे।
सरकार का मानना है कि इस पहल से आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी।


