शादी के अगले ही दिन दुल्हन के घर पहुंचा प्रेमी! बोला- “उसके बिना नहीं जी पाऊंगा”, फिर जो हुआ उसने सबको हिला दिया

स्वतंत्र बोल
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ,10 मई 2026
: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक शादी उस वक्त फिल्मी कहानी में बदल गई, जब दुल्हन का कथित प्रेमी सीधे उसके ससुराल पहुंच गया। रिसेप्शन की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार और विवाद में बदल गईं। प्रेमी ने सबके सामने दावा किया कि दुल्हन उसकी गर्लफ्रेंड है और दोनों पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में हैं।

ad

घटना ने दूल्हे और उसके परिवार को पूरी तरह हिला कर रख दिया। मामला इतना बढ़ गया कि शादी की पार्टी बीच में ही रद्द करनी पड़ी और पूरा मामला थाने पहुंच गया।

youtube

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा की रहने वाली अनिता से पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। 7 मई को दुल्हन विदाई के बाद अपने ससुराल पहुंची। घर में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना जारी था।

इसी दौरान अचानक मयूर अग्रवाल नाम का युवक वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवक ड्राय फ्रूट्स की दुकान चलाता है। घर पहुंचते ही उसने ऐसा दावा कर दिया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग सन्न रह गए।

युवक ने कहा कि दुल्हन के साथ उसका पिछले तीन साल से प्रेम संबंध है और वह उसके बिना नहीं रह सकता। उसने यह भी दावा किया कि उसके पास दोनों के फोटो और वीडियो मौजूद हैं।

यह सुनते ही घर का माहौल पूरी तरह बदल गया। दूल्हे और उसके परिवार में गुस्सा फैल गया, जबकि दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और हंगामा शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन तथा कथित प्रेमी को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले गई। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे तक थाने में समझाइश और बातचीत चलती रही, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया।

फिल्मी अंदाज में हुए इस खुलासे के बाद दूल्हे ने दुल्हन को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि अगर लड़की पहले से किसी और के साथ रिश्ते में थी, तो वह उसे स्वीकार नहीं कर सकता। अब वह तलाक चाहता है।

इस पूरे विवाद के चलते रिसेप्शन पार्टी रद्द कर दी गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शादी के बाद की पहली रात दूल्हा, दुल्हन और प्रेमी—तीनों ने थाने में बिताई।

सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि फिलहाल दोनों परिवारों को समझाइश देकर भेजा गया है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अब हर कोई यही पूछ रहा है—क्या यह अधूरी प्रेम कहानी थी या फिर शादी के बाद फूटा कोई बड़ा राज?