रायपुर: आईपीएल का रोमांच इस बार राजधानी रायपुर में अलग ही रंग दिखा रहा है। वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम इन दिनों पूरी तरह RCB के रंग में रंग चुका है, लेकिन मैदान पर उतरने से पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ियों पर छत्तीसगढ़िया संस्कृति का ऐसा असर हुआ कि टीम के खिलाड़ी स्थानीय खानपान और परंपरा के मुरीद हो गए।
अब क्रिकेट फैंस के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि विराट कोहली के साथ अनुष्का शर्मा भी रायपुर पहुंच सकती हैं। इसी बीच RCB खिलाड़ियों के छत्तीसगढ़ी भोजन और लोक संस्कृति से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
RCB ने इस साल आईपीएल के लिए रायपुर को अपना दूसरा होमग्राउंड बनाया है। टीम 10 मई को मुंबई इंडियंस और 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबला खेलने वाली है। इसके लिए 8 मई को पूरी टीम रायपुर पहुंच चुकी है और मायरा रिजॉर्ट में ठहरी हुई है।
टीम के स्वागत के लिए खास सांस्कृतिक आयोजन किया गया, जहां पारंपरिक संगीत और लोकनृत्य के बीच खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए, जिनका स्वाद चखते ही खिलाड़ी तारीफ करने लगे।
टीम के कप्तान रजत पाटीदार समेत कई खिलाड़ियों को खास तौर पर कांदा भाजी और चरोटा भाजी बेहद पसंद आई। वहीं गर्मियों में पीया जाने वाला बस्तर का प्रसिद्ध प्राकृतिक तिखुर शरबत भी खिलाड़ियों को खूब भाया।
सिर्फ खाना ही नहीं, खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और आदिवासी संस्कृति में भी खास दिलचस्पी दिखाई। उन्हें गोदना कला, स्थानीय हस्तशिल्प और चित्रकोट जलप्रपात के बारे में जानकारी दी गई।
RCB के सीईओ राजेश मेनन ने रायपुर के स्वागत की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि शहर ने टीम को घर जैसा महसूस कराया है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का प्यार और गर्मजोशी खिलाड़ियों को बेहद पसंद आई।
अब फैंस की नजरें आगामी मुकाबलों के साथ-साथ इस बात पर भी टिकी हैं कि क्या विराट कोहली के साथ अनुष्का शर्मा भी रायपुर में नजर आएंगी। क्योंकि RCB के रायपुर पहुंचते ही क्रिकेट और ग्लैमर दोनों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।


