“उजर 100” योजना से बदलेगी हजारों युवाओं की किस्मत, IIT-NIT से लेकर मेडिकल तक की पढ़ाई होगी आसान

स्वतंत्र बोल
दंतेवाड़ा 20 मई 2026: बस्तर के होनहार लेकिन आर्थिक तंगी से जूझ रहे छात्रों के लिए अब बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने ऐसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है, जो गरीब और मेधावी युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाली है। “उजर 100” योजना के तहत अब छात्रों की सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि रहने-खाने, किताब-कॉपी और यहां तक कि काउंसिलिंग के लिए हवाई यात्रा तक का खर्च सरकार उठाएगी।

ad

इस नई पहल को लेकर जिले में काफी उत्साह देखा जा रहा है। योजना के सफल संचालन और चयन प्रक्रिया तय करने के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरी कार्ययोजना का खाका तैयार किया गया।

youtube

योजना के तहत कुल 100 सीटों का कोटा तय किया गया है। इसमें सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 76 सीट, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 6 सीट, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 14 सीट और सामान्य वर्ग के लिए 4 सीटें निर्धारित की गई हैं। साथ ही 6 प्रतिशत सीटें दिव्यांग छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी।

इस योजना का लाभ केवल दंतेवाड़ा जिले के मूल निवासी छात्रों को मिलेगा, जिन्होंने 12वीं परीक्षा प्रथम प्रयास में पास की हो। सामान्य रूप से परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रुपए से कम होना जरूरी होगा, लेकिन प्रशासन ने प्रतिभाशाली छात्रों को बड़ी राहत दी है।

छत्तीसगढ़ बोर्ड की प्रावीण्य सूची में जिले के टॉप 10 छात्रों और IIT, NIT, NEET, JEE, NDA, AIIMS जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थियों पर आय सीमा लागू नहीं होगी। इसके अलावा बोर्ड टॉपर, नक्सल प्रभावित परिवारों के बच्चे, खनन प्रभावित गांवों के छात्र और बीपीएल परिवारों के मेधावी बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी।

“उजर 100” योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चयनित छात्रों की कॉलेज फीस सीधे संबंधित संस्थान को भेजी जाएगी। वहीं हॉस्टल, भोजन और अध्ययन सामग्री का खर्च डीबीटी के जरिए सीधे छात्र के बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने मेधावी छात्रों को और प्रोत्साहित करने के लिए बड़ी सुविधा भी दी है। यदि कोई छात्र IIT, NIT, AIIMS, NDA या अन्य राष्ट्रीय संस्थानों में चयनित होता है, तो काउंसिलिंग और रिपोर्टिंग के लिए उसे बस, ट्रेन या हवाई यात्रा की मुफ्त सुविधा दी जाएगी।

इतना ही नहीं, शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले छात्रों को विशेष परिस्थितियों में कोचिंग सहायता भी दी जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है। इच्छुक छात्र जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा में आवेदन जमा कर सकेंगे। स्क्रूटनी, मेरिट लिस्ट और फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद जिला स्तरीय समिति अंतिम चयन करेगी। साथ ही 50 छात्रों की वेटिंग लिस्ट भी तैयार की जाएगी।

“उजर 100” योजना को दंतेवाड़ा के युवाओं के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है। अब आर्थिक कमजोरी किसी भी होनहार छात्र के सपनों की राह में दीवार नहीं बन पाएगी।