स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 21 मई 2026: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति की अचानक हुई मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर सकी और उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। महज चार दिनों के भीतर एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया। महिला का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
यह पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी रामनारायण केंवट की शादी करीब चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। परिवार सामान्य जिंदगी जी रहा था, लेकिन 17 मई को अचानक हुए हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। बताया जा रहा है कि रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पति की मौत के बाद से ही सुनीता गहरे सदमे में थी। परिजनों के मुताबिक, वह लगातार चुप रहने लगी थी और किसी से ठीक से बात भी नहीं कर रही थी। घर में पसरे मातम और पति की यादों के बीच वह पूरी तरह टूट चुकी थी। मंगलवार देर रात उसने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
बताया जा रहा है कि सुनीता ने कमरे के अंदर सीलिंग फैन में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई यही कह रहा है कि पति-पत्नी का रिश्ता मौत के बाद भी नहीं टूट पाया।


