पुलिस को कुचलकर भागना चाहते थे तस्कर… लेकिन मौत बन गई तेज रफ्तार! हादसे के बाद खुला 75 लाख के गांजे का राज…5 आरोपी गिरफ्तार….

स्वतंत्र बोल
गरियाबंद 22 मई 2026:  छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गांजा तस्करों और पुलिस के बीच ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्करों ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तेज रफ्तार कारें हादसे का शिकार हो गईं और पूरा खेल खत्म हो गया।

ad

देवभोग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए दो स्विफ्ट कारों से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

youtube

जानकारी के मुताबिक तस्कर ओडिशा से गांजा भरकर मध्यप्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ियों से MP की नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा दी थी। लेकिन देवभोग पुलिस को पहले से ही पूरे नेटवर्क की सूचना मिल चुकी थी।

मुखबिर की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह के नेतृत्व में पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। जैसे ही तस्करों ने पुलिस को देखा, वे घबरा गए और तेज रफ्तार में भागने लगे। आरोप है कि भागने के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कुचलने की भी कोशिश की।

इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर पीछा शुरू किया। बचने की कोशिश में दोनों स्विफ्ट कारें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।

कारों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे एक बड़े नेटवर्क के इशारे पर मोटी रकम के लालच में गांजा सप्लाई करने जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के गांधी नगर और साजनाबाद क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि बाकी आरोपियों की उम्र 22 से 26 साल के बीच है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। खास बात यह है कि देवभोग पुलिस ने 24 दिन पहले भी इसी तरह स्विफ्ट कार में गांजा तस्करी कर रहे मध्यप्रदेश के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था।

अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और इसके पीछे जुड़े बड़े गिरोह की तलाश में जुट गई है।