13 जुलाई से 5 दिन तक चलेगा विधानसभा का मानसून सत्र, कई अहम मुद्दों पर गरमा सकती है बहस

स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 जून 2026:  छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होने वाली है। राज्य विधानसभा के मानसून सत्र की तारीख तय हो गई है और इसके साथ ही सत्ता पक्ष तथा विपक्ष ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इस सत्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है, जबकि सरकार कुछ अहम संशोधन विधेयक भी सदन में पेश कर सकती है।

ad

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से चर्चा के बाद इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद इसकी आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

youtube

पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र में सदन की कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सत्र के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों, जनहित के प्रश्नों और सरकार की योजनाओं को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।

सूत्रों के मुताबिक सरकार कुछ संशोधन विधेयक सदन में पेश कर सकती है। हालांकि फिलहाल अनुपूरक बजट पेश किए जाने की संभावना कम बताई जा रही है। इसके बावजूद सत्र के दौरान कई राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर गर्मागर्म चर्चा होने के आसार हैं।

मानसून सत्र की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत का पारा चढ़ने लगा है। अब सभी की नजरें 13 जुलाई पर टिकी हैं, जब विधानसभा के भीतर सरकार और विपक्ष आमने-सामने नजर आएंगे।