स्वतंत्र बोल
रायपुर 4 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (SAGES) में 26 विषयों के 1,812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की उत्तर पुस्तिका (रिस्पॉन्स शीट) 5 नवंबर 2026 को जारी कर दी जाएगी। अभ्यर्थी 8 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से उत्तर कुंजी पर अपनी दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह संविदा भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए कुल 34 हजार 604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28 हजार 535 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह परीक्षा में 82.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी का मिलान
लोक शिक्षण संचालनालय के मुताबिक, 4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी विषयों के परीक्षार्थियों की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट [https://eduportal.cg.nic.in/](https://eduportal.cg.nic.in/) पर अपलोड कर दी जाएगी।
अभ्यर्थी अपने लॉगिन आईडी के जरिए अपने द्वारा दिए गए उत्तरों और प्रश्न पत्र के सही उत्तरों का मिलान वेबसाइट पर उपलब्ध रिस्पॉन्स शीट एवं उत्तर कुंजी से कर सकेंगे। परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक की कटौती की जाएगी। अनुत्तरित रहने वाले प्रश्नों के लिए शून्य अंक प्रदान किया जाएगा।
8 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी के किसी प्रश्न के उत्तर से असहमति है, तो वे 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 8 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए विकल्प का उपयोग करना होगा। परीक्षार्थियों को इसकी सूचना ई-मेल और एसएमएस के जरिए भी दी जाएगी।
दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क तय किया गया है। यदि अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है, तो संबंधित प्रश्न का आपत्ति शुल्क वापस कर दिया जाएगा, अन्यथा शुल्क रिफंड नहीं होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद किसी भी माध्यम से प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।


