स्वतंत्र बोल
रायपुर 4 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को अपने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के जरिए जिले के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में रहने वाले नागरिकों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल विशेष रूप से उन इलाकों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी होगी, जिन्हें स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह पक्का संकल्प है कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विशेषकर जनजातीय बहुल और वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को सुलभ चिकित्सा सेवाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में उपचार से वंचित नहीं रहना पड़े, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
हाट-बाजार बनेंगे स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जैसे भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल बहुल जिलों में मोबाइल मेडिकल यूनिट्स स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम बनेंगी। ग्रामीण जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था में हाट-बाजारों की भूमिका बहुत अहम होती है। ऐसे स्थानों पर चिकित्सा सुविधाएं मिलने से ग्रामीणों को अपने रोजमर्रा के कामों के साथ ही इलाज कराने में आसानी होगी, जिससे दूर के अस्पतालों तक आने-जाने में लगने वाले समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा और जनकल्याण में रेडक्रॉस का बड़ा योगदान रहा है। इन चार मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के शुरू होने से जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक मजबूत होगा। इस दौरान रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


