स्वतंत्र बोल
रायपुर 16 मई 2026: छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के दौरे को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 18 मई को उनका छत्तीसगढ़ दौरा कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरे के दौरान प्रदेश में ऐसी सुविधाओं की शुरुआत होने जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ढांचा बदल सकता है।
डिप्टी सीएम Vijay Sharma ने बताया कि अब तक डायल 112 सेवा प्रदेश के केवल 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पुलिस लाइन से डायल 112 की 400 से ज्यादा नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन गाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे आपातकालीन स्थिति में लोगों तक तेजी से मदद पहुंच सकेगी।
सरकार की ओर से दावा किया जा रहा है कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में सर्वसुविधायुक्त वाहन तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की बड़ी सौगात भी मिलने जा रही है, जिससे अपराध जांच प्रक्रिया और मजबूत होगी।
बस्तर में भी बड़ा एक्शन प्लान
18 मई को अमित शाह बस्तर दौरे पर भी जाएंगे। यहां वे कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। नेतानार सुरक्षा केंद्र को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की शुरुआत होगी। सुरक्षा कैंपों में अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाएं शुरू करने की योजना है। दौरे के दौरान मुख्य सचिव बस्तर के विकास कार्यों को लेकर गृहमंत्री को विशेष प्रेजेंटेशन भी देंगे।
बताया गया है कि अमित शाह शहीद जवानों के परिजनों, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और नक्सल उन्मूलन में जुटे लोगों से भी मुलाकात करेंगे। वहीं 19 मई को वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बस्तर में होने वाला नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
IPL बंद करने वाले बयान पर भी बोले डिप्टी CM
पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के आईपीएल बंद करने वाले बयान पर भी डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई सकारात्मक सोच के साथ सुझाव देता है तो उस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो सोच रहे हैं, अगर उसी दिशा में भूपेश बघेल भी सोच रहे हैं तो उन्हें अपनी बात जरूर रखनी चाहिए।


