बैंक पहुंचे बुजुर्ग तो उड़ गए होश, 4 बार में साइबर ठगों ने ऐसे खाली कर दिए तीनों खाते

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 22 मई 2026:  साइबर ठग अब बुजुर्गों और पेंशनभोगियों को निशाना बनाकर उनके जीवनभर की जमा पूंजी पर हाथ साफ कर रहे हैं। बिलासपुर में एक रिटायर्ड शासकीय कर्मचारी के साथ ऐसी ही चौंकाने वाली साइबर ठगी सामने आई है, जहां शातिर बदमाशों ने तीन अलग-अलग बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा दिए और पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी।

ad

मामला उसलापुर क्षेत्र की अलका एवेन्यू कॉलोनी का है। यहां रहने वाले 69 वर्षीय बृजलाल श्रीवास से साइबर ठगों ने कुल 3 लाख 32 हजार 184 रुपये की ठगी कर ली। बृजलाल श्रीवास सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी हैं और पेंशन के सहारे अपना जीवनयापन कर रहे हैं।

youtube

जानकारी के मुताबिक ठगों ने अलग-अलग तारीखों में उनके बैंक खातों को निशाना बनाया। 8 अप्रैल को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 94 हजार 67 रुपये पार कर दिए गए। इसी दिन भारतीय स्टेट बैंक खाते से भी इतनी ही रकम निकाल ली गई। इसके अगले दिन 9 अप्रैल की सुबह आईसीआईसीआई बैंक खाते से 49 हजार 50 रुपये की निकासी हुई।

हैरानी की बात यह है कि ठग इतने पर भी नहीं रुके। 16 मई को उन्होंने फिर यूनियन बैंक खाते को निशाना बनाया और वहां से 1 लाख 25 हजार रुपये उड़ा दिए।

बताया जा रहा है कि लंबे समय तक बुजुर्ग को इस धोखाधड़ी की जानकारी ही नहीं हुई। जब वे बैंक में ट्रांजेक्शन डिटेल लेने पहुंचे तो खाते से रकम गायब देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल लिंक और साइबर गतिविधियों की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल या ओटीपी शेयरिंग के जरिए ठगों ने वारदात को अंजाम दिया हो सकता है।

बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंकिंग जानकारी और ओटीपी किसी से साझा न करें तथा अपने खातों की नियमित जांच करते रहें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जिंदगीभर की कमाई गायब कर सकती है।