8वें वेतन आयोग में देरी बनी बड़ा खतरा! लाखों कर्मचारियों की सैलरी पर मंडराया संकट, HRA में हो सकता है भारी नुकसान

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 28 मई 2026: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स इन दिनों 8वें वेतन आयोग को लेकर बड़ी उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन अब इस बीच एक ऐसी चर्चा ने जोर पकड़ लिया है जिसने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है। सवाल उठने लगे हैं कि अगर 8वां वेतन आयोग लागू होने में ज्यादा देरी हुई, तो क्या कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है?

ad

दरअसल, सरकार ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग का गठन किया था और आयोग को अपनी रिपोर्ट देने के लिए करीब 18 महीने का समय दिया गया है। यानी इसकी सिफारिशें 2027 के मध्य तक आने की संभावना है। फिलहाल आयोग अलग-अलग कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और सरकारी विभागों से बातचीत कर रहा है। लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है, कर्मचारियों के बीच बेचैनी भी बढ़ती जा रही है।

youtube

सबसे अहम बात यह है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जा रही हैं। यानी अगर नई सैलरी बाद में लागू होती है, तब भी कर्मचारियों को बेसिक सैलरी का एरियर उसी तारीख से मिल सकता है। सुनने में यह राहत जरूर लगती है, लेकिन कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट HRA यानी हाउस रेंट अलाउंस को लेकर सामने आया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर HRA का एरियर रेट्रोस्पेक्टिव तरीके से नहीं दिया जाता। आसान शब्दों में कहें तो अगर वेतन आयोग लागू होने में 1-2 साल की देरी होती है, तो कर्मचारियों को उन महीनों का बढ़ा हुआ HRA नहीं मिलेगा। यही वजह है कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में रहने वाले कर्मचारियों की चिंता सबसे ज्यादा बढ़ गई है, क्योंकि इन शहरों में HRA की दर काफी अधिक होती है।

उदाहरण के तौर पर अगर किसी कर्मचारी का HRA नई व्यवस्था में हर महीने 5 हजार रुपये बढ़ना था और आयोग लागू होने में 20 महीने की देरी हो गई, तो उसे करीब 1 लाख रुपये तक का संभावित फायदा नहीं मिल पाएगा। यानी बेसिक सैलरी का एरियर तो मिलेगा, लेकिन HRA जैसी सुविधाओं का नुकसान हमेशा के लिए हो सकता है।

इधर, देरी का असर सरकार के खजाने पर भी पड़ सकता है। जितनी देर से आयोग लागू होगा, उतना ज्यादा एरियर सरकार पर बढ़ता जाएगा। ऐसे में माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद सरकार ज्यादा लंबी देरी से बचने की कोशिश करेगी, क्योंकि एक साथ भारी रकम चुकाना सरकार पर बड़ा वित्तीय दबाव डाल सकता है।

वहीं कर्मचारी संगठन लगातार फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने और DA को बेसिक सैलरी में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं। अगर ये मांगें मानी जाती हैं तो कर्मचारियों की सैलरी में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आयोग समय पर लागू होगा या देरी कर्मचारियों की उम्मीदों पर भारी पड़ेगी।

अब लाखों सरकारी कर्मचारियों की नजर सिर्फ सैलरी बढ़ोतरी पर नहीं, बल्कि उसके लागू होने की तारीख पर भी टिक गई है।