1 जून से आपकी जेब पर डबल अटैक! LPG, ATM, UPI से रेलवे तक बदल जाएंगे ये 7 बड़े नियम, नहीं संभले तो बढ़ जाएगा खर्च

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 28 मई 2026: जून महीने की शुरुआत इस बार आम लोगों की जेब पर भारी पड़ सकती है। 1 जून 2026 से देशभर में कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों पर पड़ सकता है। गैस सिलेंडर, ATM, UPI, PAN कार्ड, बैंक ब्याज, रेलवे और सोलर पैनल से जुड़े बदलाव लोगों के लिए नई टेंशन बन सकते हैं। अगर आपने समय रहते इन बदलावों की जानकारी नहीं ली, तो अगले महीने परेशानी और अतिरिक्त खर्च दोनों झेलने पड़ सकते हैं।

ad

सबसे पहले बात LPG सिलेंडर की करें तो हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां नए रेट जारी करती हैं। ऐसे में 1 जून को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में फिर बदलाव संभव है। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला था। अब लोगों की नजर घरेलू सिलेंडर के नए दामों पर टिकी हुई है।

youtube

वहीं ATM इस्तेमाल करने वालों को भी झटका लग सकता है। कई बैंक फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट, कैश निकालने की फीस और डेली लिमिट में बदलाव कर सकते हैं। ज्यादा बार ATM इस्तेमाल करने वालों को अब अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है।

ऑनलाइन पेमेंट करने वालों के लिए भी बड़ा बदलाव आने वाला है। अब UPI से पैसा भेजते समय स्क्रीन पर वही नाम दिखाई देगा जो बैंक अकाउंट में आधिकारिक रूप से दर्ज है। यानी अब किसी फर्जी नाम या गलत पहचान के जरिए धोखाधड़ी करना आसान नहीं होगा। सरकार और बैंकिंग सिस्टम इस बदलाव को ऑनलाइन फ्रॉड रोकने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।

PAN कार्ड से जुड़े नियम भी बदलने वाले हैं। अब कई छोटे ट्रांजैक्शन में PAN की अनिवार्यता कम की जा सकती है, लेकिन बड़े लेनदेन पर नियम और सख्त होंगे। प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में PAN की लिमिट बढ़ाकर 20 लाख रुपये तक कर दी गई है, लेकिन 45 लाख रुपये से ज्यादा की डील में PAN देना अनिवार्य रहेगा। इसके अलावा सालभर में 10 लाख रुपये से ज्यादा कैश निकालने वालों पर भी सख्त नजर रखी जाएगी।

बैंक ग्राहकों के लिए भी जून अहम रहने वाला है। कई बैंक FD और सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों में बदलाव कर सकते हैं। ऐसे में जिन लोगों ने निवेश की योजना बना रखी है, उन्हें नए रेट्स जरूर चेक करने की सलाह दी जा रही है।

रेलवे यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। भारतीय रेलवे ट्रैक अपग्रेडेशन के लिए जून में बड़ा मेगा ब्लॉक लेने जा रहा है। इसके चलते करीब 77 ट्रेनें रद्द रहेंगी और कई ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे। इसका असर पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा की यात्रा करने वाले यात्रियों पर ज्यादा पड़ सकता है।

इसके अलावा सोलर पैनल लगवाने की योजना बना रहे लोगों के लिए भी नया नियम लागू होने जा रहा है। 1 जून से सरकार ALMM नियमों को सख्ती से लागू करेगी। अब सिर्फ उन्हीं सोलर पैनलों पर सब्सिडी मिलेगी जो सरकार की अप्रूव्ड लिस्ट में शामिल होंगे। इससे शुरुआत में खर्च थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन क्वालिटी और टिकाऊपन बेहतर मिलने का दावा किया जा रहा है।

कुल मिलाकर 1 जून से लागू होने वाले ये बदलाव आम लोगों की जिंदगी और बजट दोनों पर बड़ा असर डाल सकते हैं। ऐसे में नए नियमों की जानकारी पहले से रखना बेहद जरूरी हो गया है।