बिजली के स्मार्ट मीटरों पर अनोखा विरोध, स्टिकर देखकर चौंके लोग

Untitled

स्वतंत्र बोल
तखतपुर 5 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर पालिका क्षेत्र में लगाए गए नए बिजली स्मार्ट मीटर इन दिनों भारी राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गए हैं। शहर में लगे कई स्मार्ट मीटरों पर ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ लिखे विवादित स्टिकर चिपकाए जाने का मामला सामने आया है। इन स्टिकरों पर बाकायदा नगर पालिका परिषद तखतपुर के नाम का भी उल्लेख किया गया है, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर सियासी घमासान तेज हो गया है।

ad

कांग्रेस पार्षदों पर आरोप, वीडियो हुआ वायरल

तखतपुर नगर पालिका में वर्तमान में कांग्रेस की सरकार है। बताया जा रहा है कि स्थानीय कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटरों का विरोध करते हुए ये स्टिकर लगाए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सीधा आरोप है कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों को दिए जा रहे पैसों की स्मार्ट मीटरों के माध्यम से भारी-भरकम बिजली बिल भेजकर वापस वसूली कर रही है। स्मार्ट मीटरों पर स्टिकर लगाए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

youtube

भाजपा पार्षद दल पहुंचा एसडीएम दफ्तर

स्मार्ट मीटरों पर लगे विवादित स्टिकरों और वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का पार्षद दल पूरी तरह से हरकत में आ गया है। भाजपा पार्षदों ने इस मामले को लेकर उपविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। भाजपा पार्षद दल ज्ञापन के जरिए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया और कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी बात और आपत्ति दर्ज कराएगा।