स्कूल में छात्र से मारपीट, VIDEO वायरल…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 09.अगस्त.2026 भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के एक छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक छात्र की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। करीब 40 सेकेंड के वीडियो में छात्र को 46 से ज्यादा बार मारा गया। वीडियो में एक युवक छात्र के चेहरे पर लात मारता हुआ भी दिखाई दे रहा है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।

ad

जानकारी के मुताबिक, स्कूल में छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद एक छात्र ने बाहर से कुछ युवकों को बुलाया, जिन्होंने पीड़ित छात्र के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

youtube

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान छात्र को धमकाया भी गया। कुछ युवकों पर कथित तौर पर खुद को प्रभावशाली बताकर डराने-धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इससे छात्र और उसके परिवार में डर का माहौल बन गया है।

परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी स्कूल के प्राचार्य को दी गई थी और शिकायत भी की गई, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि लगातार डर और दबाव के कारण छात्र ने स्कूल से TC ले लिया और पढ़ाई छोड़ दी।

वीडियो वायरल होने के बाद अब स्कूल में विद्यार्थियों की सुरक्षा और घटना पर प्रबंधन की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।