स्वतंत्र बोल
शामली 25 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की मेरठ सेक्टर टीम ने जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद खनन अधिकारी के सरकारी कार्यालय की दराज से 8 लाख रुपये और सरकारी आवास से 63 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। सरकारी आवास की तलाशी में नोटों से भरे बैग और अलमारियां मिलीं।
अलमारियों में रखी थीं नोटों की गड्डियां
गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे विजिलेंस की दो टीमें जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह को लेकर उनके सरकारी आवास पहुंचीं। यहां तलाशी के दौरान दो अलमारियां मिलीं। एक अलमारी में कपड़ों के साथ नकदी से भरा बैग रखा था। दूसरी छोटी अलमारी में कपड़ों की तरह नोटों की गड्डियां रखी थीं। दोनों अलमारियों में गुप्त लॉक के साथ बाहर से भी ताला लगा हुआ था। तलाशी के दौरान अलमारी के खानों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। दूसरी अलमारी खोलने पर दो बड़े बैग मिले। इनमें 500-500 रुपये के नोटों के बंडल रखे हुए थे।
थाने ले जाकर मशीन से गिने गए नोट
विजिलेंस टीम बरामद नकदी लेकर थाने पहुंची। नोटों की संख्या ज्यादा होने के कारण गिनती में काफी समय लगा। इसके बाद एलडीएम से मशीन मंगाई गई और मशीनों की मदद से नकदी की गिनती की गई। इस दौरान हिरासत में लिए गए जिला खनन अधिकारी अधिकारियों के बीच बैठे रहे।
कार्यालय से 8 लाख, घर से 63 लाख बरामद
विजिलेंस की ट्रैप टीम ने रिश्वत लेते हुए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को गिरफ्तार किया। दोनों पर 85 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी की कार्यालय स्थित दराज से 8 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा उनके सरकारी आवास से 63 लाख रुपये बरामद किए गए। दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। वहां उनसे पूछताछ की गई।


