सागर शराब कांड पर भड़कीं ये पूर्व सीएम : ‘सरपंच से मंत्री तक नापे जाएं’, राहुल गांधी को बताया…?

स्वतंत्र बोल
भोपाल 14 सितम्बर 2026। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सागर जिले के बहुचर्चित शराब कांड को लेकर अपनी ही सरकार के जनप्रतिनिधियों और तंत्र पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित अपने आवास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अचानक हुई मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उमा भारती ने कहा कि इस मामले में सरपंच से लेकर विधायक और मंत्री तक की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने अवैध शराब बिक्री रोकने, आबकारी नीति का सख्ती से पालन कराने और शराबबंदी की दिशा में कदम बढ़ाने की मांग की। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे पर तंज कसते हुए उन्हें ‘बूढ़ा’ बता दिया।

ad

अवैध शराब बिक्री पर उठाए सवाल, बंडा जाने का ऐलान

उमा भारती ने सीधे तौर पर जनप्रतिनिधियों की सजगता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जनप्रतिनिधियों को अपने ही क्षेत्र में चल रही अवैध शराब की बिक्री की जानकारी क्यों नहीं थी? पूर्व सीएम ने मांग की कि इस कांड के मुख्य आरोपियों के साथ संपर्क में रहने और उनके साथ उठने-बैठने वाले लोगों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि वे खुद सागर जिले के बंडा पहुंचेंगी और प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगी।

youtube

गोविंद सिंह राजपूत के साथ आरोपी की तस्वीर पर सख्त तेवर

खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के साथ मामले के आरोपी की फोटो सामने आने पर भी उमा भारती ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे विधायक हों या मंत्री, अगर उनके क्षेत्र में ऐसा हुआ है तो उनकी जवाबदेही बननी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने इस अवैध कारोबार में शामिल अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर भी मिलीभगत का केस दर्ज करने की मांग की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अचानक पहुंचे थे उमा के आवास

यह पूरा घटनाक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सोमवार को उमा भारती के आवास पहुंचने के बाद शुरू हुआ। सीएम यादव का उमा भारती से मिलने का कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने श्यामला हिल्स पहुंचकर पूर्व सीएम से मुलाकात की। इस औपचारिक बातचीत के दौरान उमा भारती ने सीएम से प्रदेश में शराबबंदी की दिशा में आगे बढ़ने और आबकारी नीति का पूरी कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया।

राहुल गांधी पर कसा तंज, कहा- ‘अब वे डोकरा हो चुके हैं’

सागर मामले के अलावा उमा भारती ने राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद करते हैं और उन्हें ही अपना नेता मानते हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उमा भारती ने कहा कि राहुल गांधी अब बूढ़े हो चुके हैं, डोकरा हो चुके हैं।