स्वतंत्र बोल
रायपुर, 19 मई 2026: छत्तीसगढ़ के बस्तर में मंगलवार को राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल उस वक्त तेज हो गई, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष दौरे पर यहां पहुंचे। मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में शामिल होने आए योगी आदित्यनाथ का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें राजकीय गमछा भेंट कर पारंपरिक सम्मान दिया।
दरअसल, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। इस हाई प्रोफाइल बैठक को लेकर पहले से ही सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं। अब योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने इस बैठक को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय, सुरक्षा, विकास और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने वाली है। खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास योजनाओं की रफ्तार और सुरक्षा रणनीति को लेकर कई बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और योगी आदित्यनाथ के बीच अलग से भी चर्चा हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने समसामयिक मुद्दों, राज्यों के बीच आपसी समन्वय और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। सुशासन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मुद्दे भी बातचीत का अहम हिस्सा रहे।
बस्तर में एक साथ अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बैठक पर टिकी है कि आखिर बंद कमरे में कौन से बड़े फैसले लिए जाते हैं और उनका असर आने वाले समय में किस रूप में दिखाई देगा।


