स्वतंत्र बोल
रायपुर 1 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध झील के ऊपर भारतीय वायु सेना ने भव्य और रोमांचक हवाई प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में वायु योद्धाओं ने आसमान में अपनी अद्भुत दक्षता, साहस और अनुशासन का प्रदर्शन किया। पैराशूट से छलांग लगाते जांबाज जवानों, एमआई-17 हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडोज की लैंडिंग और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सटीक हवाई करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आकाश गंगा टीम की स्काईडाइविंग से शुरुआत
हवाई प्रदर्शन की शुरुआत वायु सेना की ‘आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम’ के करतबों के साथ हुई। आसमान से छलांग लगाकर अपनी निर्धारित लैंडिंग साइट की ओर बढ़ते जवानों ने पैराशूट संचालन में असाधारण तालमेल दिखाया। जांबाज जवानों के अनुशासित कौशल और निर्भीक छलांग ने आयोजन स्थल पर मौजूद हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया।
एमआई-17 से जमीन पर उतरे गरुड़ कमांडो
इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने अपनी बहुउपयोगिता और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर ने तेजी से प्रदर्शन क्षेत्र में प्रवेश कर जमीन का आकलन किया और लैंडिंग की। इसके जरिए गरुड़ कमांडो को जमीन पर उतारा गया, जिन्होंने काल्पनिक सैन्य अभियान के तहत मोर्चे को मजबूती प्रदान की।
इसके तुरंत बाद एमआई-17 ने एक ही स्थान पर घूमकर दिशा बदलने और नियंत्रित पार्श्व गति (साइडवेज मूवमेंट) जैसे कठिन हवाई युद्धाभ्यास दिखाए। इस प्रदर्शन के जरिए युद्ध, खोज एवं बचाव अभियान और आपदा में मानवीय सहायता पहुंचाने की वायु सेना की त्वरित क्षमता को दर्शाया गया।
स्वदेशी सारंग टीम का हैरतअंगेज तालमेल
एयर शो का मुख्य आकर्षण स्वदेश निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ से लैस सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों ने एक-दूसरे के साथ बिल्कुल सटीक सामंजस्य बिठाते हुए आसमान में विभिन्न उड़ान संरचनाएं बनाईं। सारंग टीम की इस प्रस्तुति ने भारत की स्वदेशी विमानन तकनीक और भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट उड़ान कला को मजबूती से सामने रखा।
2 नवंबर को भी होगा एयर शो, समय नोट कर लें
राज्योत्सव के तहत भारतीय वायु सेना का यह रोमांच अभी जारी रहेगा। 2 नवंबर को भी नवा रायपुर स्थित सेंध झील के ऊपर सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक इस हवाई प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय से पहले पहुंचें और सुरक्षा व प्रबंधन से जुड़े निर्देशों का पालन करें।


