स्वतंत्र बोल
रायपुर 14 सितम्बर 2026, गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात ऐतिहासिक गोल बाजार पहुंचे। उन्होंने श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजित भगवान गणेश के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गणपति को मुकुट पहनाया, आरती भी उतारी
मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास गणेशोत्सव पंडाल में भगवान गणेश को मुकुट पहनाया। इसके बाद तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान गणेश की आरती उतारी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रगति और समृद्धि के साथ प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा।
बोले- गणेशोत्सव समाज को जोड़ने वाली परंपरा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। यह समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध परंपरा का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़े। प्रदेश के हर घर-परिवार में सुख और खुशहाली रहे, यही उनकी कामना है।
गोल बाजार में 117 साल से हो रहा गणेशोत्सव
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से लगातार चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।
गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर रही है। यहां स्थापित गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के लिए रायपुर में श्रद्धालुओं के बीच प्रमुख आकर्षण रहती है।
गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री साय के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा।
150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी पूजा
भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।


