मानसून की विदाई के 3 दिन बाद बदला मौसम, जानिए अचानक क्यों गिरे ओले!

Landscape transitioning from mon…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 8 अक्टूबर 2026:
राजधानी रायपुर से मानसून के आधिकारिक रूप से विदा होने के ठीक तीन दिन बाद बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. दोपहर बाद आसमान में बादलों की तेज गर्जना के साथ कई इलाकों में हवाओं संग बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई. मौसम विभाग ने चक्रवाती सिस्टम के असर से गुरुवार को भी रायपुर और आसपास के इलाकों में ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना जताई है.

ad

34 डिग्री की धूप के बाद अचानक छाए बादल

मौसम में इस बदलाव से पहले रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और लोग तेज धूप का सामना कर रहे थे. इसके बाद अचानक घने बादल घिरे और तेज हवाएं चलने लगीं. शहर के माना इलाके में जहां कुछ देर तक बारिश हुई, वहीं सड्डू में हल्की वर्षा के साथ छोटे-छोटे ओले भी गिरे. शहर के कई हिस्सों में बादल गरजने के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में धूप भी खिली रही.

youtube

एमपी और यूपी के ऊपर बने चक्रवाती घेरे का असर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में इस अचानक बदलाव की मुख्य वजह मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर बना चक्रवाती घेरा है. इसके अलावा उत्तरप्रदेश के ऊपर बने एक अन्य चक्रवाती सिस्टम के भी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ऊपर पहुंचने का प्रभाव पड़ा है. रायपुर से आधिकारिक तौर पर रवाना हो चुका मानसून फिलहाल बिलासपुर और सरगुजा संभाग में बना हुआ है. इस सिस्टम के चलते दुर्ग, बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है.

जानिए आज और कल कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी रायपुर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी रह सकती है. हालांकि, मौसम में किसी बहुत बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. शुक्रवार के बाद यह चक्रवाती सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा. वर्तमान में दिन के समय तेज धूप और रात होते ही हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है.