स्वतंत्र बोल
रायपुर 5 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लाभांडी जमीन विवाद में 4 करोड़ रुपए की जबरन वसूली (रंगदारी) की मांग और जेल रोड स्थित एक होटल में प्रॉपर्टी डीलर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर गंज पुलिस ने बुधवार को अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र कुमार, कांग्रेस नेता आसिफ मेमन और विवेक जोशी उर्फ मोंटी के खिलाफ रंगदारी और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा जमीन विवाद?
कालीबाड़ी निवासी बलिराम धरमानी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उनके मुताबिक, वर्ष 2018 में उन्होंने लाभांडी में बोरड परिवार की 2.60 लाख वर्गफुट जमीन का सौदा किया था। इसमें से उन्होंने 40 हजार वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम कराई थी, जबकि शेष जमीन का एग्रीमेंट हुआ था। हालांकि, बोरड परिवार में आपसी विवाद के कारण बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इसके बाद वर्ष 2022 में कारोबारी संदीप अग्रवाल ने इस विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने का वादा किया और इसके एवज में 4 करोड़ रुपए की मांग की। करीब 4 साल तक रजिस्ट्री नहीं होने पर परेशान होकर बलिराम ने अपने नाम की 40 हजार वर्गफुट जमीन वापस बोरड परिवार को लौटा दी और जमीन के लिए दी गई रकम व बयाना मिलाकर कुल 3.15 करोड़ रुपए वापस ले लिए।
बैठकों के बाद होटल में मारपीट का आरोप
कारोबारी बलिराम का आरोप है कि इस लेन-देन और विवाद को लेकर 26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित आबिद हसन के कार्यालय में एक बैठक हुई थी। इस बैठक में कुबेर, संदीप अग्रवाल और विवेक समेत अन्य लोग मौजूद थे, जहां उनसे चार करोड़ रुपए की मांग की गई। बलिराम ने स्पष्ट किया कि जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई है और उनका कोई भी लेन-देन बाकी नहीं है। इसके अगले दिन जेल रोड स्थित होटल वेलिंगटन में कुबेर, विवेक, अनवर ढेबर, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन ने कथित तौर पर बलिराम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ विधिवत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


