गुस्से की आड़ में हिंसा का खेल? पुलिस टीम पर हमला, गांव में मचा हड़कंप, कई आरोपी अब भी फरार

स्वतंत्र बोल
सक्ती, 17 अप्रैल 2026:
 एक मासूम की मौत के बाद भड़का गुस्सा अब कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। जिले के फोगरम गांव में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने के मामले में अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक दर्जन से अधिक आरोपी अभी भी फरार हैं।

घटना की जड़ दो दिन पहले हुई वह दर्दनाक दुर्घटना है, जिसमें एक कार की चपेट में आने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।

स्थिति को संभालने के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब हालात अचानक बिगड़ गए। भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे एक जवान घायल हो गया। अफरा-तफरी के बीच कुछ लोगों ने माहौल को और भड़काने की कोशिश की, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

पुलिस ने इस पूरे मामले में 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों से पूछताछ जारी है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और शासकीय कर्मचारी पर हमला जैसे गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बाकी फरार आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में आएंगे या फिर यह मामला और गहराता जाएगा। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।