27 सितंबर को गणेश झांकी और विसर्जन रैली, शराब दुकानें बंद होंगी या नहीं? अब कलेक्टर लेंगे फैसला

Image 57

स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 सितम्बर 2026।
27 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। बड़ी संख्या में झांकियां और विसर्जन रैलियां निकलने के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कलेक्टर को पत्र लिखा है। इसमें रायपुर और बिरगांव क्षेत्र की शराब दुकानों को 27 सितंबर को बंद रखने और इस दिन शुष्क दिवस घोषित करने का अनुरोध किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने पत्र में कहा है कि गणेश विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब दुकानों को बंद रखना जरूरी है। उन्होंने जिला प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

ad

झांकियों के साथ यातायात व्यवस्था पर भी फोकस

27 सितंबर को शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं की झांकियां और विसर्जन रैलियां निकलेंगी। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारी की है। प्रमुख और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।

youtube

शराब दुकानें बंद करने पर कलेक्टर लेंगे फैसला

27 सितंबर को शराब दुकानें बंद रहेंगी या नहीं, इसका अंतिम फैसला कलेक्टर स्तर से होगा। पुलिस कमिश्नर के पत्र के बाद जिला प्रशासन इस संबंध में नियमानुसार निर्णय लेगा। पुलिस का उद्देश्य विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को रोकना है।

लाखेनगर से महादेवघाट तक वन-वे रहेगा

इस बार भी गणेश झांकी की शुरुआत शारदा चौक से होगी। यहां झांकियों को नंबर दिए जाएंगे। इसके बाद झांकियां जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक और लाखेनगर चौक से होते हुए आगे बढ़ेंगी। झांकियां सुंदरनगर से होकर महादेवघाट विसर्जन कुंड पहुंचेंगी। लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंगरोड तक यातायात वन-वे रहेगा। विसर्जन के दौरान झांकियों की आवाजाही और आम यातायात को देखते हुए पुलिस ने मार्ग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया है।