बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने एक फार्महाउस में चल रहे बड़े जुए के अड्डे पर दबिश दी। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म में कथित तौर पर “बावन परियों का खेल” यानी जुआ चल रहा था। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फार्म मालिक मनीष शर्मा समेत कुल 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह पूरा खेल काफी समय से गुपचुप तरीके से चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वृंदावन ग्रीन फार्म में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही सीएसपी सिविल लाइन और कोटा एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात छापा मारा।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से नगद 3 लाख 80 हजार रुपये, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए। पुलिस की अचानक कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम नगर निवासी रोशन सिंह, राजीव गांधी चौक निवासी मुन्ना गोयल, दीनदयाल कॉलोनी निवासी विकास सिंह, फार्म मालिक मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और फार्महाउस में चल रही गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।


