स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार 9 नवंबर 2026: बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दीपावली के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पुलिस ने कुल 58 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 85,360 रुपये नकद और ताशपत्ती जब्त की गई है।
दो अलग-अलग कार्रवाई में 58 जुआरी गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को भाटापारा ग्रामीण, पलारी, लवन, सिमगा और सुहेला थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 27 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 28,130 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इसके बाद 7 और 8 नवंबर को सुहेला, भाटापारा शहर, कसडोल और सिमगा पुलिस ने एक बार फिर जुआरियों के खिलाफ मोर्चा खोला। इस दूसरी कार्रवाई में कुल 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 57,230 रुपये नकद और ताशपत्ती बरामद हुई।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और 5 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


