डीजे-धुमाल पर पुलिस की नजर, नियम टूटे तो होगी कार्रवाई, जानिए क्या है पूरा मामला

स्वतंत्र बोल
रायपुर 14 सितम्बर 2026। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान तेज आवाज में डीजे और धुमाल बजाने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। 13 सितंबर को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन मिलने पर पुलिस ने 2 डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने राजेंद्र साहू और रूपेश पासी के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की धारा 4, 5 और 15 के तहत मामला दर्ज किया है।

ad

डीजे जांच के दौरान सामने आया नियमों का उल्लंघन

पुलिस ने 13 सितंबर को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में डीजे संचालकों की जांच की। जनता कॉलोनी, राजेंद्र नगर और जोगी बंगला सिविल लाइन के पास डीजे संचालन के दौरान निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन नहीं पाया गया।

youtube

इसके बाद पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने साफ किया है कि त्योहार या धार्मिक कार्यक्रम होने का मतलब नियमों से छूट नहीं है।

पहले ही दी गई थी नियमों की जानकारी

रायपुर के मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को डीजे और धुमाल संचालकों की बैठक लेने के निर्देश दिए थे।

इन बैठकों में संचालकों को सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के ध्वनि से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी देने और उनका पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया था। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में डीजे संचालन की जांच शुरू की।

त्योहारों में पुलिस की नजर रहेगी

त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान डीजे संचालकों को तय अनुमति, समय सीमा और ध्वनि मानकों का पालन करना होगा। कार्यक्रम या जुलूस खत्म होने के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई हो सकती है।

पुलिस ने यह भी कहा है कि सार्वजनिक स्थान पर हुज्जतबाजी या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे आयोजकों और डीजे संचालकों पर नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी बढ़ गई है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

मध्य जोन रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आयोजकों और डीजे संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित अनुमति और समय सीमा के साथ ही डीजे बजाया जाना चाहिए।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान भी डीजे और धुमाल संचालन पर निगरानी रखी जाएगी।