CG News: पिकनिक का जश्न कुछ ही मिनटों में मातम में बदला, पानी में समा गए युवक-युवती, दोस्तों के सामने हुई दर्दनाक मौत

स्वतंत्र बोल
गरियाबंद 28 मई 2026: पैरी नदी पर बने कूकदा पिकअप वियर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पिकनिक की खुशियों को चीखों में बदल दिया। रायपुर से घूमने पहुंचे युवक-युवती की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि साथ मौजूद दोस्त कुछ समझ पाते, उससे पहले दोनों गहरे पानी में समा चुके थे।

ad

मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार दोस्त रविवार दोपहर गरियाबंद घूमने पहुंचे थे। सभी ने कूकदा पिकअप वियर के पास खाना खाया और फिर चेकडैम में नहाने उतर गए। माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा था, लेकिन कुछ ही देर में वहां अफरा-तफरी मच गई।

youtube

बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना नहाते वक्त अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए 30 वर्षीय पीयूष मंडल तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी तेज गहराई और बहाव में फंस गया। देखते ही देखते दोनों आंखों के सामने पानी में गायब हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद बाकी दो दोस्तों ने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि पाण्डुका थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपे जाएंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कूकदा पिकअप वियर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते। रविवार की यह घटना एक बार फिर कई सवाल छोड़ गई है।