मुख्यमंत्री साय के बड़े फैसले के बाद तेज हुई तैयारी, कांसाबेल-बगीचा मार्ग पर जल्द शुरू होगा बड़ा निर्माण कार्य

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 08 मई 2026: जशपुर जिले के लोगों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना कांसाबेल-बगीचा मार्ग अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद इस अहम सड़क के मजबूतीकरण और पुल-पुलिया निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही अब जल्द निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

ad

करीब 39 किलोमीटर लंबे इस व्यस्त मार्ग के उन्नयन पर लगभग 29 करोड़ 08 लाख 06 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत सड़क को मजबूत बनाने के साथ-साथ आवश्यक पुल और पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि बारिश और खराब मौसम के दौरान लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े।

youtube

बताया जा रहा है कि कांसाबेल-बगीचा मार्ग क्षेत्र का सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। हर दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी और व्यापारी इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई जगहों पर सफर करना खतरे से खाली नहीं माना जाता था।

अब सरकार की इस बड़ी पहल के बाद क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद न सिर्फ आवागमन आसान और सुरक्षित होगा, बल्कि यात्रा का समय भी कम होगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की संभावना जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है, जिससे गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है।