व्हीलचेयर टेनिस से लेकर एथलेटिक्स तक चमके नीरज यादव, अचानक उठाया खौफनाक कदम

Neeraj yadav (1)

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 28 अक्टूबर 2026:
 भारत के जाने-माने पैरा एथलीट नीरज यादव का निधन हो गया है। 42 वर्षीय नीरज यादव ने अपने घर पर कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने इस बेहद दुखद घटना की पुष्टि की है। उनका शव अस्पताल में है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

ad

डोपिंग बैन के चलते तनाव में होने की चर्चा

भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने बताया कि नीरज ने आत्महत्या कर ली है और यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि, उन्होंने आत्महत्या की पुख्ता वजह होने से अनभिज्ञता जताई है। जानकारों के अनुसार, नीरज यादव ने इस साल आइची नगोया में हुए एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा नहीं लिया था, क्योंकि उन पर डोपिंग को लेकर बैन लगा हुआ था। माना जा रहा है कि इस बैन के चलते वह काफी तनाव में चल रहे थे। कोच सत्यनारायण ने कहा कि एक खिलाड़ी को खेल के उतार-चढ़ाव का सामना धैर्य के साथ करना चाहिए।

youtube

शानदार रहा है खेल करियर, जीते थे कई स्वर्ण पदक

नीरज यादव F55 कैटेगरी में हिस्सा लेते थे, जिसमें शॉट पुट, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी बैठकर की जाने वाली खेल स्पर्धाएं शामिल हैं। वह देश के सबसे प्रतिभाशाली पैरा-एथलीटों में गिने जाते थे। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियाई पैरा खेलों में भाला फेंक और 2023 के हांगझोउ एशियाई परा खेलों में भाला फेंक तथा चक्का फेंक में शानदार प्रदर्शन किया.

संघर्षों से भरा रहा था जीवन का सफर

नीरज यादव को मात्र 7 साल की उम्र में पोलियो हो गया था, लेकिन शारीरिक चुनौतियों ने कभी उनके हौसले को नहीं तोड़ा। उन्होंने अपनी खेल यात्रा की शुरुआत व्हीलचेयर टेनिस से की थी, जिसके बाद वह पैरा एथलेटिक्स में उतरे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया। उनकी इस तरह अचानक मौत से खेल प्रेमियों और साथी खिलाड़ियों में गहरा आघात लगा है।