Asian Games 2026 Day 5 Live: रोइंग और वुशु में भारत को मिले पदक, जानिए पांचवें दिन का पूरा अपडेट

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 24 सितंबर 2026:
जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे 2026 एशियाई खेलों के पांचवें दिन भारत ने पदक तालिका में मजबूत शुरुआत की है। रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने मेंस डबल स्कल्स के फाइनल में कांस्य पदक जीता, जबकि रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा वुशु सांडा इवेंट के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले चौथे दिन भारत ने कुल 5 पदक जीते थे, जिसमें मीराबाई चानू का 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग में ऐतिहासिक सिल्वर और जय मीणा का सॉफ्ट टेनिस में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज शामिल रहा।

ad

कबड्डी में भारत का जलवा, चीनी ताइपे को हराकर ग्रुप में किया टॉप

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए चीनी ताइपे को 37-21 से मात दी। पहले हाफ में 23-11 की बढ़त बनाने के बाद भारत ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा, जिसमें अर्जुन देशवाल के शानदार रेड्स और अंकित के बेहतरीन टैकल का अहम योगदान रहा। चारों ग्रुप मैच जीतकर भारतीय टीम अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गई है। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया था।

youtube

फेंसिंग में भवानी देवी की शानदार जीत, मुक्केबाजी और स्क्वैश में भी मैच जारी

फेंसिंग के वूमेंस सेबर राउंड ऑफ 32 में भारत की भवानी देवी ने मंगोलिया की ओलेन तुग्सजार्गन को 15-8 से आसानी से हरा दिया। अब राउंड ऑफ 16 में उनका सामना चीन की राव ज़ुई से होगा। वहीं, मुक्केबाजी के 70 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत के सुमित का मुकाबला इराक के अली अल-सराय से तय हुआ है। स्क्वैश में भी महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में अनाहत सिंह का मुकाबला सिंगापुर की औ योंग वाई लिन से और तन्वी खन्ना का मुकाबला औ योंग वाई यैन से जारी है।

बैडमिंटन व्यक्तिगत इवेंट्स के ड्रॉ जारी, लक्ष्य, सिंधु और आयुष को मिला बाई

कल से शुरू होने वाले बैडमिंटन के व्यक्तिगत इवेंट्स के ड्रॉ घोषित कर दिए गए हैं। पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी को पहले राउंड में बाई मिला है। महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु को बाई मिला है, जबकि उन्नति हुड्डा का मुकाबला उत्तर कोरिया की यू मी सॉन्ग से होगा। पुरुष डबल्स में सात्विक/चिराग की जोड़ी थाईलैंड के सुकपुन/टीरारातसाकुल से और हरिहरन/अर्जुन की जोड़ी इंडोनेशिया के अल्फियान/फिकरी से भिड़ेगी। इसके अलावा मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव/तनीषा मालदीव की जोड़ी का सामना करेंगे।

चौथे दिन भारत ने जीते थे 5 मेडल, वेटलिफ्टिंग और सॉफ्ट टेनिस में रचा था इतिहास

एशियाई खेलों के चौथे दिन भारत का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था। मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स में अपना पहला पोडियम फिनिश हासिल करते हुए 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीता था। वहीं सॉफ्ट टेनिस के सेमीफाइनल में चोट लगने के बावजूद जय मीणा ने इस खेल में भारत के लिए अब तक का पहला ऐतिहासिक ब्रॉन्ज पदक जीता था। शूटिंग में स्कीट (पुरुष व महिला टीम) को दो ब्रॉन्ज मेडल मिले थे। इसके अलावा महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराया था और पुरुष बैडमिंटन टीम को सेमीफाइनल में चीन से हारकर ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था।