असली समझकर जो घी-दूध खरीद रहे हैं आप, लैब जांच में निकले अमानक; जानिए पूरा मामला

Inspector examining dairy packages 48714ca8

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 28 अक्टूबर 2026:
बिलासपुर जिले में दूध और डेयरी उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए सतर्क करने वाली खबर है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पिछले 9 महीनों के दौरान लिए गए दूध, दही, घी और पनीर के कई सैंपल जांच में अमानक (फेल) पाए गए हैं। लैब से आई जांच रिपोर्ट में न केवल स्थानीय दुकानें, बल्कि अमूल, गोवर्धन और वचन जैसे देश के बड़े और नामी ब्रांड्स के उत्पाद भी तय मानकों के अनुरूप नहीं मिले हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग अब संबंधित संस्थानों के खिलाफ कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

ad

अमूल, गोवर्धन और वचन जैसे बड़े ब्रांड्स के सैंपल भी नहीं उतरे खरे

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलासपुर के विभिन्न इलाकों में स्थित रिटेलर्स से अमूल, गोवर्धन और वचन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के घी और अन्य डेयरी उत्पादों के सैंपल एकत्र किए थे। इन सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए रायपुर और अन्य बड़े शहरों की लैब में भेजा गया था। लैब रिपोर्ट में इन ब्रांड्स के घी के सैंपल मानकों के विपरीत पाए गए हैं। इस खुलासे के बाद बाजार में बिक रहे डिब्बाबंद और ब्रांडेड खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

youtube

नेशनल डेयरी, अपना मार्ट और मिठाई दुकानों पर भी हुई सैंपलिंग

त्योहारी सीजन और दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग शहर में लगातार सघन जांच अभियान चला रहा है। विभाग ने नेशनल डेयरी, शौर्य सुपरमार्ट, अपना मार्ट और बजरंग स्वीट्स जैसे बड़े संस्थानों से भी दूध, दही और घी के सैंपल उठाए हैं। इसके अलावा शहर की कई अन्य प्रमुख मिठाई दुकानों से भी मिठाइयों और खोवे के नमूने लिए गए हैं। त्यौहारों पर दूध और मावे की खपत अत्यधिक बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।

अमानक उत्पाद बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पिछले 9 महीनों में शहर और जिले की अलग-अलग दुकानों से लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बिलासपुर का खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमला सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। अमानक और मिलावटी सामान बेचने वाले विक्रेताओं, रिटेलर्स और कंपनियों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। खाद्य विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।