स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 अगस्त 2026 राजधानी रायपुर के कचना बाजार चौक स्थित एक सराफा दुकान में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने शिव ज्वेलर्स का ताला कटर मशीन से काटा और दुकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर करीब 35 तोला सोना और एक किलो से ज्यादा चांदी के जेवर ले गए हैं। घटना का पता सुबह उस समय चला, जब दुकान संचालक दुकान पहुंचे। ताले और शटर के साथ छेड़छाड़ देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के समय वारदात को अंजाम दिया। पहले दुकान के बाहर लगे ताले और शटर को कटर मशीन की मदद से काटा गया। इसके बाद चोर अंदर घुसे और दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवर समेटकर फरार हो गए।प्रारंभिक जांच में करीब 35 तोला सोने के आभूषण और एक किलो से अधिक चांदी के जेवर चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि, चोरी हुए सामान की कुल कीमत अभी स्पष्ट नहीं है। दुकान संचालक स्टॉक का मिलान कर रहे हैं, जिसके बाद नुकसान का सही आंकड़ा सामने आएगा।
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और आरोपी किस रास्ते से दुकान तक पहुंचे और फरार हुए। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।


