स्वतंत्र बोल
भोपाल 15 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गोवा में कैसीनो और रेस्टोरेंट खोलने के नाम पर एक सिविल कॉन्ट्रैक्टर से 1 करोड़ 92 लाख 56 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबार में हिस्सेदारी देने का भरोसा देकर यह रकम ली गई, लेकिन न तो प्रस्तावित प्रोजेक्ट शुरू हुआ और न ही ठेकेदार को पार्टनर बनाया गया। करीब दो साल तक अदालत में मामला चलने के बाद कोर्ट के निर्देश पर निशातपुरा थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, अयोध्या बायपास स्थित गिरनार वैली निवासी सचिन शर्मा सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं। साल 2023 में गोवा घूमने के दौरान उनकी मुलाकात वहां के कैसीनो संचालकों से हुई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने उत्तरी गोवा के पोरवोरिम इलाके में नया कैसीनो और रेस्टोरेंट शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इसके लिए निवेश करने पर सचिन को कारोबार में साझेदार बनाने का वादा किया गया था।
चार महीने में दिए 1.92 करोड़ रुपये
शिकायत के मुताबिक, सचिन शर्मा ने जून 2023 से अक्टूबर 2023 के बीच कुल 1 करोड़ 92 लाख 56 हजार रुपये दिए। इसमें से 20 लाख रुपये नकद भोपाल में निशातपुरा स्थित बेस्ट प्राइज के पास दिए गए थे। बाकी रकम अलग-अलग बैंकिंग माध्यमों से ट्रांसफर की गई। ठेकेदार का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद आरोपितों ने न तो पोरवोरिम में प्रस्तावित कैसीनो और रेस्टोरेंट शुरू किया और न ही उन्हें फर्म में हिस्सेदारी दी। जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपितों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
2024 में कोर्ट पहुंचे थे ठेकेदार
रकम वापस नहीं मिलने पर सचिन शर्मा ने वर्ष 2024 में भोपाल की अदालत में शिकायत की थी। करीब दो साल तक सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। निशातपुरा थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ नामजद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। थाने के ASI अवतार सिंह के मुताबिक, मामले की जांच के लिए पुलिस टीम जल्द गोवा जाएगी। वहां आरोपों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


