स्वतंत्र बोल
भोपाल 20 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश बीजेपी में संगठनात्मक नियुक्तियों का सिलसिला तेज हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश वित्त समिति और अनुशासन समिति का गठन किया है। कैबिनेट मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप को प्रदेश वित्त समिति का संयोजक बनाया गया है। वहीं, इंदौर के दीपक टीनू जैन को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी कई जिलों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। संगठन के खाली पदों को भरने और व्यवस्था मजबूत करने के लिए ये नियुक्तियां की गई हैं।
चेतन्य काश्यप वित्त समिति के संयोजक
बीजेपी की तीन सदस्यीय प्रदेश वित्त समिति में कैबिनेट मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप को संयोजक बनाया गया है। प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन और विधायक मधु वर्मा समिति के सदस्य होंगे। समिति के गठन के साथ प्रदेश स्तर पर पार्टी की वित्तीय व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों के लिए पदाधिकारियों की टीम तय कर दी गई है।
दीपक टीनू जैन बने प्रदेश सह कोषाध्यक्ष
इंदौर के दीपक टीनू जैन को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ प्रदेश कोषाध्यक्ष के सहयोग के लिए संगठन में एक और पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने 20 नवंबर को नियुक्तियों से संबंधित आदेश जारी किए। इनमें प्रदेश वित्त समिति और अनुशासन समिति के गठन की घोषणा की गई।
शिवप्रकाश की बैठकों के बाद नियुक्तियों में तेजी
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने हालिया बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की थी। उन्होंने खाली पदों पर जल्द नियुक्तियां करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रदेश संगठन ने अलग-अलग समितियों और मोर्चों में नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। युवा मोर्चा में भी कई जिलों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।


